रीवा-भोपाल रेवांचल एक्सप्रेस में नशीली गोलियों के जरिए युवक की लूट, जीआरपी ने शातिर बदमाश को किया गिरफ्तार
मुख्य बातें
- •रेवांचल एक्सप्रेस में युवक पीयूष तिवारी को नशीली गोलियों के सेवन के बाद लूटा गया।
- •आरोपी शत्रुघन साहनी (44) ने दोस्ती का बहाना बनाकर पीयूष को कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोलियां मिलाकर दीं।
- •पीयूष के बेहोश होने के बाद आरोपी ने 10 हजार रुपए, सोने की अंगूठी और मोबाइल लूटकर फरार हो गया।
- •पुलिस ने CCTNS के जरिए आरोपी को मिर्जापुर से गिरफ्तार किया, उसके पास से 6 हजार रुपए बरामद किए गए।
मध्य प्रदेश के रीवा से भोपाल के बीच चलने वाली रेवांचल एक्सप्रेस में एक शातिर लूटेरे द्वारा यात्रियों को नशीली गोलियों का सेवन कराकर बेहोश करने और फिर उनकी लूटपाट करने का मामला सामने आया है। रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने इस पूरे मामले की जांच के बाद आरोपी शत्रुघन साहनी (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शत्रुघन ने इसी तरीके से बीते दिनों एक युवक से लूटपाट की थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी।
मामले की शुरुआत 31 मार्च की है, जब मध्य प्रदेश के मैहर जिले के ताला इलाके के रहने वाले पीयूष तिवारी रेवांचल एक्सप्रेस से बीना जा रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रीवा स्टेशन पर शत्रुघन साहनी से हुई, जो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का रहने वाला है। दोनों ने सतना तक का जनरल टिकट लिया और ट्रेन में साथ बैठ गए। शत्रुघन ने पीयूष से दोस्ती बढ़ाई और भरोसा जीतने के लिए पहले खुद कोल्ड ड्रिंक पीया, ताकि पीयूष को उस पर विश्वास हो। इसके बाद उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोलियां मिलाकर पीयूष को पीने के लिए दीं। जैसे ही पीयूष ने कोल्ड ड्रिंक पी, वह गहरी नींद में सो गया। आरोपी ने उसकी जेब से 10 हजार रुपए नकद, सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन निकालकर सतना रेलवे स्टेशन पर उतर गया। इसके बाद उसने सतना से बनारस के लिए बस पकड़ ली।
