उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में तुगलपुर गांव में एक किन्नर की हत्या का मामला - पुलिस कर रही जांच

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में तुगलपुर गांव में रविवार देर शाम एक किन्नर का शव मिला। शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक मकान की दूसरी मंजिल पर पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुट गए हैं।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि चांदनी का शव तुगलपुर गांव में सलीम नाम के व्यक्ति के मकान की दूसरी मंजिल पर मिला है। कमरे की स्थिति और चोटों के निशान को देखते हुए पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया और मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं। लहूलुहान हालत में मिला शव पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चांदनी के साथ आखिर कमरे में दूसरा व्यक्ति कौन था? जिसने इस वारदात को अंजाम दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉ प्रवीन रंजन ने बताया कि रविवार शाम डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक किन्नर का शव कमरे में लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सके। साथ ही मृतक की कॉल डिटेल और संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक की किसी से कोई रंजिश या विवाद तो नहीं था। पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करेगी।
