अमेरिका और ईरान के बीच बड़े समझौते की उम्मीद, 60 दिनों के लिए युद्धविराम और होर्मुज स्ट्रेट खोलने की बातचीत

मुख्य बातें
- •अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के लिए युद्धविराम और होर्मुज स्ट्रेट खोलने की बातचीत जारी है।
- •ईरान को बिना रुकावट तेल बेचने की छूट मिल सकती है और परमाणु कार्यक्रम को लेकर नई बातचीत शुरू होगी।
- •दोनों देश एक MOU यानी समझौता ज्ञापन पर साइन कर सकते हैं जो पहले 60 दिनों तक लागू रहेगा।
- •ईरान होर्मुज स्ट्रेट में लगाए गए माइंस हटाएगा और अमेरिका ईरान के बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी कम करेगा।
- •ईरान ने प्रस्तावित समझौते के तहत हाईली एनरिच्ड यूरेनियम के भंडार को हटाने पर सहमति जताई है।
अमेरिका और ईरान के बीच एक बड़े समझौते को लेकर बातचीत अब आखिरी दौर में पहुंच गई है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अगर यह डील पूरी हो जाती है तो 60 दिनों के लिए युद्धविराम बढ़ाया जाएगा, होर्मुज स्ट्रेट फिर से पूरी तरह खोल दिया जाएगा और ईरान को बिना रुकावट तेल बेचने की छूट मिल सकती है। इसके साथ ही ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर नई बातचीत भी शुरू होगी। अमेरिकी मीडिया एक्सियोस के मुताबिक, दोनों देश एक MOU यानी समझौता ज्ञापन पर साइन कर सकते हैं।
यह समझौता पहले 60 दिनों तक लागू रहेगा और दोनों पक्ष चाहें तो इसे आगे भी बढ़ा सकते हैं। डील के तहत ईरान होर्मुज स्ट्रेट में लगाए गए माइंस हटाएगा ताकि जहाजों की आवाजाही सामान्य हो सके। इसके बदले अमेरिका ईरान के बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी कम करेगा और कुछ प्रतिबंधों में राहत देगा। इससे ईरान फिर से खुलकर तेल बेच सकेगा। न्यूक्लियर प्रोग्राम पर क्या संकेत मिले? दोनों देशों के बीच अभी परमाणु मुद्दे पर अंतिम सहमति नहीं बनी है। ड्राफ्ट समझौते में ईरान ने यह भरोसा देने की बात कही है कि वह परमाणु हथियार नहीं बनाएगा।
