कानपुर: शादी के सिर्फ 10 महीने बाद युवक ने आत्महत्या की, पत्नी से वापस न लौटने और 6 लाख रुपए की मांग का रहा था दबाव

मुख्य बातें
- •कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में अमन नामक युवक ने प्रेम विवाह के 10 महीने बाद आत्महत्या कर ली।
- •अमन की पत्नी कनक द्विवेदी फतेहपुर की रहने वाली हैं और 22 दिसंबर 2024 को अपने भाई के साथ चली गई थीं।
- •अमन के परिवार का आरोप है कि कनक और उसके घर वालों ने बेटी को वापस भेजने के बदले 6 लाख रुपए की मांग की थी।
- •अमन ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर ‘गुड बाय’ लिखकर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उसने अपने दिल का दर्द व्यक्त किया था।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक युवक ने प्रेम विवाह के महज 10 महीने बाद आत्महत्या कर ली। घटना कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र की है। मृतक अमन (22 वर्ष) अपनी पत्नी कनक द्विवेदी (फतेहपुर निवासी) के मायके से वापस न लौटने और ससुराल वालों द्वारा बार-बार धमकाने तथा आर्थिक दबाव बनाने से परेशान होकर इस कदम को उठाया। अमन के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि बेटे ने 22 दिसंबर 2024 को अपनी पत्नी को एम.कॉम के पेपर दिलाने फतेहपुर ले गया था। इसके बाद कनक अपने भाई के साथ चली गई और तब से वापस नहीं लौटी।
अमन ने कई बार पत्नी को वापस कानपुर लाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। अमन ने अपनी पत्नी को बार-बार फोन किया, रोया-गिड़गिड़ाया, किंतु कनक और उसके परिवार वालों ने कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दिखाई। अमन ने कोर्ट में विदाई का मुकदमा भी दायर किया था। अमन के पिता के अनुसार, बीते गुरुवार को जब अमन काम से लौट रहा था, तब कनक के भाई ने कुछ लोगों के साथ मिलकर उसे धमकाया था। अमन ने अपने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर ‘गुड बाय’ लिखकर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उसने लिखा था, “अगर प्यार निभाने की औकात ना हो तो प्यार नहीं करना चाहिए। लड़कों की ज़िंदगी खराब करके अपने मां-बाप का साथ देने वाली मुबारक हो तुमको ज़िंदगी।”
