दिल्ली-गुरुग्राम ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत! डीआईएएल ने किया बड़ा इन्फ्रास्ट्रक्चर प्लान पेश

मुख्य बातें
- •डीआईएल ने द्वारका एक्सप्रेसवे को मायापुरी रिंग रोड तक विस्तारित करने का प्रस्ताव दिया है।
- •प्रस्तावित परियोजनाओं में बारापुला एक्सप्रेसवे, यूईआर-II, रंगपुरी बाईपास, ग्रेटर सदर्न पेरिफेरल रोड और एलिवेटेड फ्लाईओवर शामिल हैं।
- •राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर ट्रैफिक भार काफी अधिक है, जिससे हवाई अड्डे जाने वाले यात्रियों को परेशानी होती है।
- •सभी प्रस्तावित परियोजनाओं के लागू होने से एनएच-48 पर लगभग 55 प्रतिशत ट्रैफिक भार कम किया जा सकता है।
दिल्ली और गुरुग्राम के बीच लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचने वाले मार्गों पर लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत दिलाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने द्वारका एक्सप्रेसवे को मायापुरी रिंग रोड तक विस्तारित करने का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्ताव के माध्यम से पश्चिमी दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यातायात कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया जाएगा, जिससे लोगों को महिपालपुर और हवाई अड्डे के मार्गों पर लगने वाले भीषण जाम से बचाया जा सकेगा।
आज गुरुग्राम अथॉरिटी की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा होने वाली है। डीआईएल द्वारा तैयार की गई ‘एरिया-वाइड डी-कंजेशन स्ट्रेटेजी’ में ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली एयरपोर्ट रिपोर्ट के तहत कई बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें बारापुला एक्सप्रेसवे को महिपालपुर तक बढ़ाना, यूईआर-II का विस्तार, रंगपुरी बाईपास का निर्माण, गुरुग्राम में ग्रेटर सदर्न पेरिफेरल रोड, रेजांगला चौक पर एलिवेटेड फ्लाईओवर और तालकटोरा-बारापुला लिंक शामिल हैं। यह रिपोर्ट मार्च के पहले सप्ताह में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी को सौंपी गई थी। पहले इस बैठक की तारीख 12 मई निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बदल दिया गया।
