झारखंड में दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात: पिता की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या

मुख्य बातें
- •झारखंड में पिता की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
- •आरोपी बेटा मन्ना गोप गिरफ्तार।
- •पिता-पुत्र के बीच शादी टूटने की वजह से अक्सर विवाद होता रहता था।
- •घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
- •इससे पहले भी झारखंड में पिता की डांट से नाराज बेटे द्वारा हत्या की वारदात सामने आई है।
झारखंड के गुमला जिले में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के लामदोन गांव में एक पिता की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और घटना चर्चा का विषय बन गई है।
जानकारी के अनुसार, लामदोन गांव निवासी मन्ना गोप की शादी कई बार तय होते-होते टूट जा रही थी। लगातार रिश्ते टूटने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। बताया जा रहा है कि उसे शक हो गया था कि उसके पिता लखन गोप की वजह से ही हर बार शादी का रिश्ता बिगड़ जाता है। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर मन्ना ने घर में रखी लोहे की रॉड उठा ली और अपने पिता लखन गोप पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लखन गोप को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
