रेवांचल एक्सप्रेस में यात्री को नशीली दवा देकर लूटने वाले बदमाश को जीआरपी ने गिरफ्तार किया

मुख्य बातें
- •रेवांचल एक्सप्रेस में यात्री पीयूष तिवारी को नशीली गोलियां मिले कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद लूटा गया।
- •आरोपी शत्रुघन साहनी ने दोस्ती का झांसा देकर पीयूष को निशाना बनाया और 10,000 रुपये, मोबाइल व सोने की अंगूठी चुराई।
- •आरोपी ने सतना स्टेशन पर उतरकर बस से बनारस भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
- •पुलिस ने आरोपी के पास से 6,000 रुपये बरामद किए और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का पता लगाया।
मध्य प्रदेश के रीवा से भोपाल के बीच चलने वाली रेवांचल एक्सप्रेस में यात्री को नशीली दवा देकर लूटने वाले बदमाश को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने ट्रेन में यात्रियों से दोस्ती का झांसा देकर उन्हें नशीली गोलियां मिले कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दिया, जिसके बाद उनकी बेहोशी का फायदा उठाकर उनकी जेब से पैसे, मोबाइल और सोने की अंगूठी चुरा ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी शत्रुघन साहनी (44 वर्ष) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का रहने वाला है और उसने इसी तरीके से एक अन्य युवक को भी लूटा था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी।
बीते दिनों 31 मार्च को मध्य प्रदेश के मैहर जिले के ताला इलाके का रहने वाला पीयूष तिवारी रेवांचल एक्सप्रेस से बीना जा रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात रीवा रेलवे स्टेशन पर शत्रुघन साहनी से हुई। दोनों ने मिलकर सतना तक का जनरल टिकट लिया और ट्रेन में सफर करते हुए आपस में दोस्ती बढ़ाने लगे। शत्रुघन ने पीयूष को विश्वास में लेने के लिए स्टेशन से खरीदा हुआ कोल्ड ड्रिंक खुद पीया और फिर पीयूष को भी वही कोल्ड ड्रिंक दिया। बाद में उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीली गोलियां मिला दीं। जैसे ही पीयूष ने वह कोल्ड ड्रिंक पीया, वह गहरी नींद में सो गया। इसके बाद आरोपी ने पीयूष की जेब से 10,000 रुपये नकद, सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन चुरा लिया और सतना रेलवे स्टेशन पर उतरकर बस से बनारस भाग निकला।
