भीषण गर्मी में वायरल हुए देसी ‘जुगाड़’: पंखे से लेकर कूलर तक ठंडक के ये नायाब तरीके

मुख्य बातें
- •भीषण गर्मी में लोगों को राहत देने वाले दो देसी जुगाड़ वायरल हुए हैं: एक पंखे को एसी में बदलने वाला और दूसरा कूलर में कॉपर पाइप लगाने वाला।
- •पहले जुगाड़ में पंखे के ऊपर गीला कपड़ा और नीचे पानी का बर्तन रखा जाता है, जिससे ठंडी हवा मिलती है।
- •दूसरे जुगाड़ में 2-3 मीटर लंबी कॉपर पाइप की कॉयल बनाकर फ्रिज के पास रखनी होती है, जो कूलर के पानी को ठंडा कर देती है।
- •विशेषज्ञों का कहना है कि ये तरीके असली एसी जैसी ठंडक नहीं देते, लेकिन थोड़ी राहत जरूर पहुंचाते हैं।
इस साल भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। कई शहरों में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में बिना एसी और कूलर के रहना मुश्किल हो गया है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए तरह-तरह के देसी उपाय खोज रहे हैं। सोशल मीडिया पर अब दो ऐसे ही अनोखे ‘जुगाड़’ तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्होंने न सिर्फ लोगों का ध्यान खींचा है बल्कि गर्मी से थोड़ी राहत भी मिल रही है।
पहला वायरल वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किया गया है, जिसमें एक शख्स ने साधारण फर्राटा पंखे को देसी एयर कंडीशनर में बदलने का प्रयास किया है। इस वीडियो में पंखे के ऊपर एक गीला कपड़ा रखा गया है, जबकि नीचे पानी से भरा एक बड़ा बर्तन रखा हुआ है। पंखा चलने के दौरान कपड़े से पानी टपकता रहता है और उसी के जरिए ठंडी हवा मिलने की कोशिश की जाती है। इस अनोखे प्रयोग को देखकर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोगों ने इसे गर्मी से बचने का सस्ता और देसी उपाय बताया है, तो वहीं कुछ ने इसे मजेदार आविष्कार करार दिया है। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “कूलर खरीदने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी, मेरे 5000 रुपए बच गए। अब मैं भी यही जुगाड़ बनाने जा रहा हूं।” इस पोस्ट को शेयर करते ही वीडियो तेजी से वायरल हो गया और हजारों लोगों ने इसे देखा व मजेदार कमेंट्स किए। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह का देसी उपाय असली एसी जैसी ठंडक तो नहीं दे सकता, लेकिन थोड़ी राहत जरूर पहुंचा सकता है। यह सिद्धांत कूलर में भी काम करता है, जहां पानी की मदद से हवा को ठंडा किया जाता है। इस वीडियो को एक्स पर @Prajapat204 नाम के यूजर ने 20 मई 2026 को शेयर किया था।
