उत्तर भारत में भीषण गर्मी: दिल्ली-एनसीआर और यूपी में हीटवेव, चार राज्यों में ऑरेंज अलर्ट; जानिए कब मिलेगी राहत
मुख्य बातें
- •दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में भीषण लू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
- •आईएमडी ने दिल्ली में हीटवेव के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में गंभीर लू की चेतावनी दी गई है।
- •दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है, जिससे उत्तर भारत को गर्मी से राहत मिल सकती है।
- •विदर्भ के ब्रह्मपुरी में कल सर्वाधिक 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
- •जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
उत्तरी और मध्य भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर प्रदेश में हीटवेव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तर प्रदेश में भी लू को लेकर अलर्ट लगा हुआ है। कल सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई थी, जिसके बाद कल मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आज बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, विदर्भ और बिहार समेत कई राज्यों में भीषण लू का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में गंभीर लू की स्थिति बनने की चेतावनी दी है। पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में 24 से 28 मई के बीच अत्यधिक गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। दिल्ली में गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि राजस्थान में धूलभरी आंधी चल सकती है। बिहार और झारखंड में 24 और 25 मई को तेज आंधी चलने की संभावना है।
