टीवी अभिनेता शोएब इब्राहिम के पिता को ब्रेन हैमरेज, आईसीयू में इलाज चल रहा है

मुख्य बातें
- •टीवी अभिनेता शोएब इब्राहिम के पिता को ब्रेन हैमरेज हुआ है, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
- •शोएब ने बताया कि उनके पिता का ब्लड प्रेशर अब नियंत्रण में है, हालांकि पहले यह 180 से अधिक था।
- •डॉक्टर एंडोस्कोपी प्रक्रिया के माध्यम से रक्तस्राव को रोकने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन पहले सूजन कम होने का इंतजार किया जा रहा है।
- •शोएब ने अपने पिता की स्थिति सुधारने के लिए अल्लाह से दुआ करने की अपील की है, खासकर उन लोगों से जो हज पर गए हैं।
टीवी अभिनेता और लोकप्रिय यूट्यूब व्लॉगर शोएब इब्राहिम फिलहाल बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। उनके पिता को हाल ही में ब्रेन हैमरेज हुआ है, जिसकी वजह से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। शोएब ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इस बात की जानकारी अपने फैन्स और मीडिया को दी है। शनिवार को उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से बताया था कि उनके पिता को ब्रेन स्ट्रोक हुआ है, लेकिन सोमवार को जारी एक व्लॉग वीडियो में उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार ब्रेन स्ट्रोक नहीं, बल्कि ब्रेन हैमरेज हुआ है। सिर के पिछले हिस्से में काफी रक्तस्राव हुआ है, जिसके कारण उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
शोएब ने अपने व्लॉग में बताया कि उनके पिता को पहले भी वर्ष 2021 में ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके कारण उनके शरीर का बायां हिस्सा पैरेलाइज हो गया था। हालांकि, उस समय वे बोल पाने में सक्षम थे और जल्दी ही रिकवर भी हो गए थे। लेकिन इस बार स्थिति अलग है। शोएब ने बताया, “पिछली बार जब पापा को हुआ था तो वो स्ट्रोक था, एक क्लॉट हो गया था, जिस वजह से पापा का लेफ्ट साइड पैरेलाइज हो गया था। पर पापा बात कर रहे थे। सब ठीक था। जल्दी वो रिकवर भी हो गए थे। पर इस बार उनको ब्लीडिंग हो गई है। काफी ब्लीडिंग हुई है पीछे। पूरा खून फैल गया है। इसलिए उनको थोड़ा बोलने में दिक्कत आ रही है। शरीर में दाईं तरफ दिक्कत है।” उन्होंने यह भी बताया कि उनकी दाहिनी आंख से देखने में भी परेशानी हो रही है। शोएब ने इस बात पर राहत जताई कि उनके पिता का ब्लड प्रेशर अब नियंत्रण में है, हालांकि अस्पताल में भर्ती होने के दिन उनका ब्लड प्रेशर 180 से भी अधिक था।






