तेलंगाना में लू से 16 मौत; सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा

मुख्य बातें
- •तेलंगाना के सात जिलों में लू से 16 लोगों की मौत, सरकार ने मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा
- •आंध्र प्रदेश में 319 हीट स्ट्रोक मामले सामने आए, लेकिन अब तक किसी मौत की पुष्टि नहीं
- •जयशंकर भूपालपल्ली में चार, वारंगल, करीमनगर और निजामाबाद में तीन-तीन मौतें
- •राज्य में 19 जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर, डुम्मुगुडेम और धर्मपुरी में सबसे अधिक 46.3 डिग्री
पूरे देश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तापमान लगातार रिकॉर्ड स्तर को पार कर रहा है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इसी कड़ी में दक्षिण भारत के राज्य तेलंगाना में लू के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है। राज्य के सात जिलों में अब तक कम से कम 16 लोगों की लू लगने से मौत हो चुकी है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में हीट स्ट्रोक के 319 मामले सामने आए हैं, हालांकि अभी तक वहां किसी भी मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
तेलंगाना सरकार द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, राज्य के सात जिलों में हुई इन मौतों में सबसे ज्यादा चार मौतें जयशंकर भूपालपल्ली जिले में हुई हैं। इसके अलावा वारंगल अर्बन, करीमनगर और निजामाबाद जिलों में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं जोगुलांबा गडवाल, रंगारेड्डी और सूर्यापेट जिलों में एक-एक मौत की सूचना मिली है। हालांकि, एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि विभिन्न जिलों से अब तक करीब 34 लोगों की मौत की अनौपचारिक जानकारी मिली है, लेकिन जिला प्रशासन ने अभी तक इन सभी मौतों को हीट स्ट्रोक के कारण हुई मौतों के रूप में पुष्टि नहीं की है।






