उत्तराखंड के देवप्रयाग में दर्दनाक सड़क हादसा: जैसलमेर के परिवार की कार नदी में गिरी, तीन की मौत, चार लापता

मुख्य बातें
- •जैसलमेर के परिवार की कार उत्तराखंड के देवप्रयाग में नदी में गिर गई।
- •हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग अभी भी लापता हैं।
- •राहत और बचाव टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
- •डॉ. दिनेश माली अपने परिवार के साथ उत्तराखंड भ्रमण पर गए थे।
- •हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उत्तराखंड के देवप्रयाग में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने राजस्थान के जैसलमेर के एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जैसलमेर से उत्तराखंड घूमने गए परिवार की कार अचानक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
जैसलमेर निवासी डॉ. दिनेश माली अपने परिवार के साथ उत्तराखंड भ्रमण पर गए थे। परिवार में उनके पिता लूणाराम, माता कमला देवी, बहन गुड्डी देवी और उनके बच्चों समेत कुल आठ लोग शामिल थे। बताया जा रहा है कि डॉ. दिनेश माली ने अपने पिता लूणाराम को हरिद्वार में छोड़ा था और इसके बाद बाकी परिवार के सदस्यों के साथ आगे घूमने के लिए निकले थे।
यात्रा के दौरान देवप्रयाग इलाके में उनकी कार अचानक हादसे का शिकार हो गई और नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में डॉ. दिनेश माली, उनकी माता कमला देवी और कार चालक अखिलेश की मौत हो गई है। वहीं गुड्डी देवी, उनकी बेटी नर्मदा, जानवी और अश्लेषा अभी भी लापता हैं।



