दिल्ली-एनसीआर में जाम मुक्त और आधुनिक परिवहन के लिए 7 बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम, जानिए पूरा प्लान

मुख्य बातें
- •दिल्ली-एनसीआर में सात प्रमुख सड़क एवं संपर्क परियोजनाओं पर केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर काम कर रही हैं।
- •इन परियोजनाओं में एक्सप्रेसवे, सुरंग, एलिवेटेड कॉरिडोर और सर्विस रोड शामिल हैं, जिनकी कुल लागत 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक है।
- •प्रमुख परियोजनाओं में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, नोएडा-फरीदाबाद संपर्क कॉरिडोर, शिव मूर्ति-नेल्सन मंडेला मार्ग सुरंग तथा एम्स-महिपालपुर-गुरुग्राम एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल हैं।
- •इन परियोजनाओं से ट्रैफिक दबाव कम होगा, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को सुरक्षित, तेज तथा प्रदूषण मुक्त यात्रा सुविधाएं मिल सकेंगी।
नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में यातायात की भीड़ को कम करने और परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए केंद्र तथा दिल्ली सरकार मिलकर सात प्रमुख सड़क एवं संपर्क परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से राजधानी को भविष्य के अनुरूप एक विश्वस्तरीय, हरित और निर्बाध परिवहन नेटवर्क के रूप में विकसित किया जाएगा। हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ हुई बैठक में इन परियोजनाओं को अंतिम रूप दिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक दबाव कम होगा, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को सुरक्षित, तेज तथा प्रदूषण मुक्त यात्रा सुविधाएं मिल सकेंगी।






