दिल्ली के जीटीबी अस्पताल से 7 महीने के बच्चे का अपहरण, पुलिस ने शुरू की तलाश

मुख्य बातें
- •दिल्ली के जीटीबी अस्पताल से 7 महीने के बच्चे का अपहरण, पुलिस ने दर्ज किया मामला।
- •अपराधी महिला ने पीड़िता के साथ विश्वास स्थापित कर बच्चे को ले जाने की वारदात को अंजाम दिया।
- •पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधी महिला की पहचान और बच्चे का पता लगाने में लगी है।
- •मामले की जांच जारी, पुलिस द्वारा तकनीकी और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल से सात महीने के एक बच्चे का अपहरण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और बच्चे की तलाश के लिए व्यापक अभियान चला रखा है। सूत्रों के अनुसार, अपराधी एक महिला है, जिसने पीड़िता के साथ विश्वास स्थापित करने के बाद यह वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय नाजरीन, जो सीलमपुर की रहने वाली हैं, उनकी पिछले एक सप्ताह से एक अज्ञात महिला से जान-पहचान थी। दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी और महिला नाजरीन के घर आने-जाने लगी थी। रविवार को नाजरीन अपने सात महीने के बेटे को लेकर उसी महिला के साथ जीटीबी अस्पताल पहुंचीं। वहां नाजरीन मेडिकल पर्ची बनवाने के लिए अंदर चली गईं, जबकि बच्चे को महिला के पास छोड़ दिया गया। कुछ देर बाद जब नाजरीन वापस लौटीं, तो महिला और बच्चा दोनों गायब थे। इस घटना से नाजरीन सकते में आ गईं और उन्होंने अस्पताल परिसर तथा आसपास के इलाके में बच्चे को खोजने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई सुराग नहीं मिला।
