राजस्थान: श्रीगंगानगर में कपिल जिंदल हत्याकांड, परिवार वालों समेत 6 गिरफ्तार; सीसीटीवी फुटेज से खुली साजिश

मुख्य बातें
- •श्रीगंगानगर में कपिल जिंदल की हत्या परिवार के भीतर रची गई साजिश का परिणाम थी।
- •पुलिस ने मृतक की पत्नी, दो बेटों, दामाद और दो अन्य आरोपियों समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया।
- •मई की रात आरोपियों ने कपिल को उनके घर से जबरन उठाकर मारपीट के बाद इंदिरा गांधी नहर में फेंक दिया।
- •मई को मसीतांवाली हेड के पास कपिल का शव बरामद हुआ, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में हुए कपिल जिंदल हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक कपिल जिंदल की पत्नी सुखविंद्र कौर, उनके दो बेटों, दामाद और दो अन्य आरोपियों समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच के अनुसार, कपिल की हत्या परिवार के भीतर रची गई एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 36 वर्षीय कपिल जिंदल की लगभग आठ महीने पहले सुखविंद्र कौर (52 वर्ष) से आर्य समाज मंदिर में शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों श्रीगंगानगर की भारद्वाज कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। कपिल एसएसबी रोड पर अपना मेडिकल स्टोर चलाते थे।
मामले की गहराई से जांच करने पर पुलिस को पता चला कि करीब एक सप्ताह पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सुखविंद्र कौर ने अपने पूर्व पति से हुए दो बेटों, दामाद और उनके दोस्तों के साथ मिलकर कपिल की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, 23 मई की रात करीब दो बजे आरोपियों ने एक कार लेकर कपिल के घर पहुंचे। उस समय कपिल और उनकी पत्नी दोनों घर में मौजूद थे। आरोपियों ने घर में घुसकर कपिल के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद कपिल के मामा विनय कुमार गर्ग ने जवाहर नगर थाने में अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस को बताया कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो घर में खून के धब्बे मिले थे। वहीं सुखविंद्र कौर भी घर पर नहीं थीं। कुछ देर बाद वह वापस लौटीं और दावा किया कि बदमाशों ने उन्हें भी अपने साथ ले गए थे, लेकिन रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।






