उत्तर प्रदेश: भाजपा जिला मंत्री पर महिला डॉक्टर ने लगाए गंभीर आरोप, जांच शुरू
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में एक महिला डॉक्टर ने भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री प्रभात यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला डॉक्टर का आरोप है कि भाजपा नेता ने उन्हें धोखे से नशीला पदार्थ दे दिया और अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे गए और मानसिक प्रताड़ना दी गई।
महिला डॉक्टर का कहना है कि उनके पति की वर्ष 2025 में मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद रौनिया गांव निवासी भाजपा नेता प्रभात यादव अपनी पत्नी के साथ मरीजों को लेकर उनके अस्पताल आने-जाने लगे। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच जान-पहचान बढ़ी और आरोपी का घर पर आना-जाना भी शुरू हो गया। खाने-पीने की चीज में नशीला पदार्थ मिलाया गया और महिला डॉक्टर को बेहोश कर दिया गया। बेहोशी की हालत में उनकी अश्लील फोटो और वीडियो बना ली गईं।
महिला डॉक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने पूरी घटना की जानकारी अपने मायके और ससुराल पक्ष को भी दी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपने और अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि वह सुरक्षित तरीके से अपना नर्सिंग होम चला सकें और बच्चों का पालन-पोषण कर सकें।
भाजपा जिला मंत्री प्रभात यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उन्हें एक षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है। चांदपुर के सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हो गई है और मुकदमा दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
महिला डॉक्टर के इस आरोप ने बिजनौर में एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि यह आरोप सच है, तो भाजपा नेता को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
