पटना में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
मुख्य बातें
- •पटना में पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
- •एक अपराधी घायल हो गया है और घायल अपराधी को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- •पुलिस ने अवैध रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं।
- •पुलिस अब दोनों अपराधियों के आपराधिक इतिहास, गैंग नेटवर्क और हालिया गतिविधियों को खंगालने में जुट गई है।
- •बिहार में ऑपरेशन लंगड़ा के तहत लगातार अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है।
बिहार के पटना में पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मसौढ़ी प्रखंड अंतर्गत चरमा ग्रामीण सड़क पर हुई। पुलिस की संयुक्त टीम ने तड़के छापेमारी के लिए निकली थी, जब बाइक सवार अपराधियों से उनका आमना-सामना हो गया। अपराधियों ने पुलिस को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिस की जवाबी गोली से एक अपराधी घायल हो गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मनेर निवासी अशोक पासवान उर्फ बादल पासवान (45) और अजय यादव (47) के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान अशोक पासवान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह सड़क पर ही गिर पड़ा। घायल अपराधी को तुरंत अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पटना पूर्वी सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि मसौढ़ी थाना और एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तड़के छापेमारी के लिए निकली थी। एसपी के अनुसार, अपराधियों की एक गोली पुलिस वाहन को छूते हुए निकल गई, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से सिर्फ दो राउंड फायरिंग की गई। पहली गोली बाइक पर पीछे बैठे अशोक पासवान के पैर में लगी, जबकि बाइक चला रहे अजय यादव को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया।
