टीएमसी में कलह: काकोली घोष दस्तीदार और कल्याण बनर्जी के बीच छिड़ी जंग, लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

मुख्य बातें
- •काकोली घोष दस्तीदार और कल्याण बनर्जी के बीच टीएमसी में कलह।
- •काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर कल्याण बनर्जी पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए।
- •कल्याण बनर्जी ने आरोप को बताया फर्जी।
- •टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा कि काकोली घोष की मंशा कुछ और है।
- •बीजेपी नेता तापस रॉय ने कहा कि कल्याण बनर्जी को सोच-समझकर बात करनी चाहिए।
पश्चिम बंगाल में टीएमसी के दो नेताओं के बीच जबरदस्त लड़ाई चल रही है। एक दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं और बयानबाजी हो रही है। यह लड़ाई इतनी बढ़ गई है कि कोलकाता से दिल्ली तक सियासी तापमान बढ़ चुका है। पश्चिम बंगाल से सत्ता जाने के बाद टीएमसी के अंदर कलह और क्लेश देखने को मिल रहे हैं। इस लड़ाई में एक तरफ हैं टीएमसी की सांसद काकोली घोष दस्तीदार, जो एक दिन पहले ही पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे चुकी हैं। दूसरी तरफ हैं टीएमसी के सांसद कल्याण बनर्जी। काकोली घोष दस्तीदार ने कड़े तेवर दिखाते हुए कल्याण बनर्जी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत की है और कई आरोप लगाए हैं।
काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा के अंदर कल्याण बनर्जी पर दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। महिलाओं को लेकर कल्याण बनर्जी के रवैये पर सवाल उठाए गए हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद ममता बनर्जी ने पार्टी के संसदीय ढांचे में बदलाव करते हुए काकोली घोष दस्तीदार को चीफ व्हिप के पद से हटा दिया था। यह जिम्मेदारी अब कल्याण बनर्जी को दी गई है। सवाल है कि क्या इसी वजह से काकोली घोष टीएमसी से नाराज चल रही हैं। पहले पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया, अब लोकसभा अध्यक्ष को लेटर लिखकर कई आरोप लगा रही हैं।






