तेलंगाना: देवगिरी एक्सप्रेस से 1 करोड़ 22 लाख रुपये बरामद, हवाला नेटवर्क के बड़े खुलासे में 40 साल के शख्स गिरफ्तार

मुख्य बातें
- •तेलंगाना पुलिस ने देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन से 1 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये बरामद किए।
- •वर्षीय आरोपी को करोड़ों रुपये पहुंचाने के बदले महज 5 हजार रुपये दिए जाने थे।
- •आरोपी ने मुंबई के एक बड़े ज्वेलरी कारोबारी के निर्देश पर यह राशि सिकंदराबाद पहुंचानी थी।
- •पुलिस ने वैध दस्तावेज न होने के कारण पूरी राशि जब्त कर ली है और सिंडिकेट के मुख्य सरगनाओं की तलाश जारी है।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त अभियान के दौरान हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुंबई से आ रही देवगिरी एक्सप्रेस ट्रेन से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। इस पूरे मामले में हैरानी की बात यह है कि करोड़ों रुपये की इस राशि को एक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए उसे महज 5 हजार रुपये का लालच दिया गया था। यह घटना बोलारम और मलकाजगिरि रेलवे स्टेशनों के बीच तब हुई, जब पुलिस रूटीन चेकिंग अभियान चला रही थी।
देवगिरी एक्सप्रेस के एक कोच में सफर कर रहे 40 वर्षीय यात्री की संदिग्ध हरकतों पर पुलिस की नजर गई। जब पुलिस ने उसे रोककर उसके बैग की तलाशी ली, तो कपड़ों की जगह उसमें भारी मात्रा में नोटों की गड्डियां मिलीं। आरोपी के बैग से कुल 1 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका घर महाराष्ट्र के अमरावती जिले में है। उसने पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि मुंबई के एक बड़े ज्वेलरी कारोबारी ने उसे यह राशि सौंपी थी, जिसे उसे सिकंदराबाद स्थित मोंडा मार्केट में सक्रिय एक अन्य ज्वेलरी कारोबारी को पहुंचाना था।






