जियो के आईपीओ को लेकर जल्द बड़ा अपडेट देने जा रहे मुकेश अंबानी, जानिए कब और क्या होगा?

मुख्य बातें
- •रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम 19 जून को दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी।
- •जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ लगभग 33 हजार करोड़ रुपये जुटाने की संभावना है।
- •आईपीओ फ्रेश इश्यू के रूप में लाया जा सकता है, जिससे मिलने वाली राशि सीधे कंपनी के पास जाएगी।
- •जियो का कारोबार मजबूत हो रहा है, मार्च तिमाही में ऑपरेटिंग आय और मुनाफे में 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी 19 जून को होने वाली कंपनी की सालाना आम बैठक (एजीएम) में जियो प्लेटफॉर्म्स के बहुप्रतीक्षित आईपीओ को लेकर बड़ा एलान कर सकते हैं। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को भेजी गई फाइलिंग में स्पष्ट किया है कि यह एजीएम दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यमों से आयोजित की जाएगी। इस बैठक में शेयरधारकों को वोटिंग के लिए 12 जून को कट-ऑफ डेट निर्धारित की गई है, जिसका मतलब है कि इस तारीख तक शेयर रखने वाले निवेशकों को ही मतदान का अधिकार होगा।
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ लगभग 4 अरब डॉलर यानी तकरीबन 33 हजार करोड़ रुपये जुटाने की संभावना है। इससे पहले आई रिपोर्ट्स में बताया गया था कि आरआईएल जियो की लिस्टिंग संरचना में बदलाव कर रही है। पहले कंपनी ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के जरिए आईपीओ लाने की तैयारी में थी, लेकिन अब इसे पूरी तरह फ्रेश इश्यू के रूप में पेश किया जा सकता है। फ्रेश इश्यू होने की स्थिति में मिलने वाली राशि सीधे कंपनी के पास जाएगी, जिसका बड़ा हिस्सा लगभग 25 हजार करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में इस्तेमाल किया जाएगा। शेष राशि का उपयोग कंपनी की अन्य आवश्यकताओं के लिए किया जाएगा।






