पंजाब में फीस के दबाव में छात्रा ने जहरीला पदार्थ निगला, मौत के बाद स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप

मुख्य बातें
- •पंजाब के अमृतसर में एक छात्रा ने फीस के दबाव में जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
- •मृतक छात्रा ने अस्पताल में एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
- •स्कूल प्रबंधन की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे छात्रा परेशान थी।
- •पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने एक्शन लिया है और मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू करवा दी गई है।
- •स्कूल प्रशासन और मामले से जुड़े हर दोषी व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब के अमृतसर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक छात्रा ने फीस के दबाव में जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक छात्रा की पहचान 17 वर्षीय अमजोत कौर के रूप में हुई है, जो अमृतसर के 88 फीट रोड क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अपनी मौसी सरबजीत कौर के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। अमजोत की स्कूल फीस के करीब 20 हजार रुपये बकाया थे, जिसके लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
मृतका की मौसी सरबजीत कौर ने आरोप लगाया कि डीडीआईएस स्कूल, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड की प्रिंसिपल शबनम शर्मा और क्लास टीचर आकांक्षा शर्मा फीस को लेकर बार-बार अमजोत पर दबाव डाल रही थीं। उनका कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते अमजोत ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। अमजोत ने मरने से पहले अस्पताल में एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि 11 मई को उसे स्कूल बुलाया गया था, जहां उसे काफी मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था। उसे क्लास के ग्रुप से भी हटा दिया गया था।





