फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में युवक पहुंचा जेल, रेलवे इंजन के केबिन में बनाई रील

मुख्य बातें
- •युवक ने सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन पर रेल इंजन के केबिन में घुसकर रील बनाई।
- •युवक का मकसद सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाना और फेमस होना था।
- •रेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
- •पूर्वोत्तर रेलवे ने लोगों से ऐसे खतरनाक और गैरकानूनी कार्यों से बचने की अपील की है।
- •रेलवे की संपत्ति और प्रतिबंधित क्षेत्रों में अनाधिकृत प्रवेश को गंभीर अपराध माना गया है।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन पर एक युवक को सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने की सनक भारी पड़ गई। युवक ने रेलवे इंजन के केबिन में घुसकर शर्टलेस होकर रील बनाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद रेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और सख्त कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। जांच के दौरान यह पता चला कि युवक ने फेमस होने और अपने सोशल मीडिया फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से बनारस मंडल के सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन पर खड़े रेल इंजन के लोको पायलट के केबिन में अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया और वहां रील बनाई। रेल इंजन का केबिन एक प्रतिबंधित और अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, जहाँ केवल रेलवे के अधिकृत कर्मचारी ही प्रवेश कर सकते हैं।





