सीबीएसई ओएसएम घोटाले की जांच करेंगे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एस राधा चौहान, जानिए कौन हैं ये अधिकारी

मुख्य बातें
- •कैबिनेट सचिवालय ने सीबीएसई 12वीं ऑन-स्क्रीन मार्किंग विवाद के मद्देनजर बोर्ड के अध्यक्ष और सचिव को हटाया।
- •सीबीएसई ओएसएम ट्रेंडर प्रक्रिया की जांच के लिए एक सदस्यीय कमेटी गठित, जिसकी अध्यक्षता एस राधा चौहान करेंगी।
- •एस राधा चौहान 1988 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष हैं, जो सीधे पीएम मोदी को रिपोर्ट करती हैं।
- •चौहान ने उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार में विभिन्न प्रमुख पदों पर कार्य किया है, जिनमें मानव संसाधन विकास मंत्रालय, एनईजीडी और डीओपीटी शामिल हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 12वीं कक्षा के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) मामले में उठे विवाद के बाद सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कैबिनेट सचिवालय ने सीबीएसई के अध्यक्ष और सचिव को उनके पदों से हटा दिया है। यह फैसला 12वीं कक्षा के ओएसएम प्रक्रिया में उठे सवालों, विद्यार्थियों को स्कैन कॉपी प्राप्त करने में हुई परेशानी और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में हुई देरी के मद्देनजर लिया गया है। इसके साथ ही, कैबिनेट सचिवालय ने सीबीएसई 12वीं ओएसएम ट्रेंडर प्रक्रिया की जांच के लिए एक सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी की अध्यक्षता वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एस राधा चौहान को सौंपी गई है।
एस राधा चौहान फिलहाल क्षमता निर्माण आयोग (सीबीसी) की अध्यक्ष हैं और उनकी रिपोर्टिंग सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को होती है। इस मामले में उनकी नियुक्ति को प्रधानमंत्री मोदी की प्रत्यक्ष भूमिका के रूप में भी देखा जा रहा है। चौहान को यह जांच कमेटी एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी। उनके नेतृत्व में गठित इस कमेटी का उद्देश्य ओएसएम ट्रेंडर प्रक्रिया में हुई कमियों और अनियमितताओं की विस्तृत पड़ताल करना है।






